भारतविदेश

फोन पर ट्रंप-मोदी की अहम बातचीत, हॉर्मुज को खुला रखने पर जोर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मंगलवार को अहम बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को खुला रखने की जरूरत पर जोर दिया।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बातचीत की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने इस अहम समुद्री मार्ग को खुला रखने के महत्व पर चर्चा की। वहीं, पीएम मोदी ने संसद में साफ कहा कि भारत के लिए स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज का बंद होना स्वीकार्य नहीं है।

यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट और ऊर्जा ढांचे पर होने वाले अमेरिकी हमलों को पांच दिन के लिए टालने का ऐलान किया था। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में सकारात्मक बातचीत हुई है और दोनों देश तनाव खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने रक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि ईरान पर सभी सैन्य हमलों को फिलहाल रोका जाए, जब तक कि बातचीत का नतीजा सामने नहीं आ जाता।

दरअसल, इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में आवाजाही पर कुछ पाबंदियां लगाने की कोशिश की है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से बड़ी मात्रा में तेल की सप्लाई होती है। अगर यह रास्ता बंद होता है, तो इसका असर वैश्विक तेल बाजार और कीमतों पर पड़ सकता है। फिलहाल, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बड़ा फैसला हो सकता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button