दिल्ली के पालम में भीषण आग, 3 बच्चों समेत 6 की मौत

दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन बच्चों समेत कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह आग श्री राम चौक के पास, पालम मेट्रो स्टेशन के नजदीक एक इमारत में लगी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली थी। इसके बाद तुरंत टीमों को मौके पर भेजा गया। फिलहाल आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन का काम जारी है, इसलिए पूरी स्थिति साफ होने में अभी समय लगेगा।
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि इमारत के अंदर करीब एक दर्जन लोग फंसे हुए थे। पुलिस और दमकल विभाग मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।





