राहत के बाद प्रदूषण की वापसी, राजधानी में AQI 200 के पार

दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार की सुबह हल्की ठंड और धुंध के साथ हुई। बीते कुछ दिनों की राहत के बाद राजधानी की हवा की गुणवत्ता फिर बिगड़ गई है। सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 203 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यानी गुरुवार को AQI 169 था, जो मध्यम श्रेणी में था।
CPCB के मुताबिक, दिल्ली के 39 एयर मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 19 पर हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की गई, जबकि बाकी स्टेशनों पर AQI मध्यम स्तर पर रहा। राजधानी में सबसे ज्यादा प्रदूषण आनंद विहार इलाके में दर्ज किया गया, जहां AQI 275 तक पहुंच गया।
दिल्ली का मौसम
मौसम की बात करें तो दिन का तापमान करीब 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं रात का तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। नमी का स्तर लगभग 60 प्रतिशत रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने के आसार हैं और तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
शनिवार को दिन का तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
उत्तर भारत का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वी भारत में भी अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
बारिश और बर्फबारी की संभावना
उत्तर भारत के कुछ इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे मौसम में बदलाव और ठंडक बढ़ सकती है।





