कानपुर में तंबाकू व्यापारी के बेटे ने मचाया सड़क पर कोहराम

कानपुर: कानपुर में रविवार दोपहर वीआईपी रोड पर जो हादसा हुआ, वो लापरवाही और रसूख की सनक की एक खतरनाक मिसाल बन गया है. एक स्थानीय तंबाकू व्यापारी के बेटे ने अपनी महंगी कार से जो तांडव मचाया, उसमें करीब 6 लोग घायल हो गए. नशे में धुत्त होकर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने की वजह से यह हादसा हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दोपहर 3:15 बजे का खौफनाक मंजर
घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर रेव-3 मॉल के पास घटी. प्रत्यक्षदर्शियों ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि कानपुर के जाने-माने तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा अपनी लैंबोर्गिनी कार तेज रफ्तार में चला रहा था. चश्मदीदों के मुताबिक, शिवम उस वक्त कथित तौर पर भारी नशे में था.
सबसे पहले तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी. इसके बाद कार ने वहीं खड़ी एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार हवा में करीब 10 फीट ऊपर उछल गया.
इसके बाद लैंबोर्गिनी मोटरसाइकिल के अगले पहिए पर चढ़ गई और उसे कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई. आखिरकार कार एक बिजली के खंभे से टकराकर ही रुकी.
6 लोग घायल, बाउंसरों की बचाने की कोशिश नाकाम
इस दर्दनाक हादसे में 6 लोग घायल हो गए हैं. घायलों में कुछ की हड्डियां टूट गई हैं तो कुछ को गहरी चोटें और खरोंचें आई हैं.
हादसे के बाद शिवम मिश्रा ने मौके से भागने की कोशिश की. उसके साथ जो बाउंसर थे, वे अलग गाड़ी में उसके पीछे-पीछे आ रहे थे. हादसे के बाद सभी बाउंसर शिवम को बचाने में जुट गए, लेकिन गुस्साई भीड़ के सामने उनकी एक न चली.
नाराज लोगों ने करोड़ों रुपये की लैंबोर्गिनी एवेंटाडोर के शीशे तोड़ डाले. बाद में स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और शिवम को भीड़ के गुस्से से बचाया.
6 करोड़ की कार, दिल्ली में रजिस्टर्ड
घायलों का इलाज फिलहाल एक निजी अस्पताल में चल रहा है. आरटीओ कोड के अनुसार, यह लग्जरी लैंबोर्गिनी कार 6 करोड़ रुपये से ज्यादा की है और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके में रजिस्टर्ड है.
हादसे में कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है. फिलहाल कार पुलिस की हिरासत में है और आगे की जांच जारी है.





