नोएडा सड़क हादसे ने खोली सिस्टम की पोल, राहुल गांधी ने जवाबदेही पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की दर्दनाक मौत पर गहरा दुख जताया है और इसे “जवाबदेही की कमी” का नतीजा बताया है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी घटनाएं पैसों, तकनीक या समाधान की कमी से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी तय न होने की वजह से हो रही हैं।
27 वर्षीय युवराज मेहता की शनिवार तड़के नोएडा के सेक्टर-150 में एक हादसे में मौत हो गई। घने कोहरे के कारण उनकी कार फिसल गई, नाले की बाउंड्री तोड़ते हुए सड़क किनारे निर्माणाधीन एक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट के लिए खोदे गए गहरे और पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सड़कें मारती हैं, पुल मारते हैं, आग मारती है, पानी मारता है, प्रदूषण मारता है, भ्रष्टाचार मारता है और लापरवाही मारती है।” उन्होंने कहा कि भारत के शहरों की बदहाली की असली वजह जवाबदेही का न होना है।
राहुल गांधी ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें एक चश्मदीद ने बताया कि अगर समय पर मदद मिल जाती तो युवराज की जान बच सकती थी। वीडियो में मृतक के पिता ने भी कहा कि मौके पर कई लोग मौजूद थे, कुछ वीडियो बना रहे थे, लेकिन किसी ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) के गठन के आदेश दिए हैं। इस टीम की अगुवाई मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर करेंगे। टीम में मेरठ मंडल के आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अजय वर्मा भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, टीम को पांच दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी। युवराज मेहता गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करते थे और नोएडा की टाटा यूरेका पार्क सोसाइटी में रहते थे। हादसे के वक्त वह देर रात ऑफिस से घर लौट रहे थे।
काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उनका शव बरामद किया गया, जिसमें दमकल विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें शामिल थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी मौत दम घुटने और उसके बाद दिल का दौरा पड़ने से हुई। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी नाक में मिट्टी और पानी भरा हुआ था, जिससे डूबने की पुष्टि होती है।
युवराज का अंतिम संस्कार सोमवार को हरिद्वार में उनके पिता राज कुमार मेहता और परिवार के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में किया गया।





