किश्तवाड़ में आतंकी मुठभेड़, स्पेशल फोर्स के जवान हवलदार गजेंद्र सिंह शहीद

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छत्तरू इलाके में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान भारतीय सेना के एक जवान ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। अधिकारियों के अनुसार, यह मुठभेड़ घने जंगलों वाले इलाके में चल रही है।
शहीद जवान की पहचान स्पेशल फोर्स के हवलदार गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह ऑपरेशन त्राशी-1 (TRASHI-I) के तहत सिंगपुरा क्षेत्र में आतंकियों से मुकाबला कर रहे थे। मुठभेड़ के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मुठभेड़ में अब तक वह एकमात्र शहीद बताए गए हैं।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हवलदार गजेंद्र सिंह ने ड्यूटी निभाते हुए अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। सेना ने अपने बयान में कहा, “हम उनके साहस, बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हैं और इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।”
#WhiteKnightCorps | #Homage | #SupremeSacrifice
The #GOC, White Knight Corps and all ranks pay solemn tribute to Havildar Gajendra Singh of the Special Forces, who made the supreme sacrifice while gallantly executing a Counter Terrorism operation in the Singpura area during the… pic.twitter.com/XKUDTw9dxq
— White Knight Corps (@Whiteknight_IA) January 19, 2026
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इलाके में 3 से 4 आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सेना ने तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया था। घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान छिपे आतंकियों ने अचानक सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड फेंका, जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई।
ग्रेनेड धमाके में तीन सैनिक घायल हो गए थे। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हवलदार गजेंद्र सिंह को बचाया नहीं जा सका। इलाके में ऑपरेशन अभी भी जारी है और सुरक्षा बल सतर्कता के साथ तलाशी अभियान चला रहे हैं।




