विदेश

भारतीय यात्रियों को बड़ी राहत: जर्मनी ने दिया वीज़ा-फ्री ट्रांजिट की सुविधा

जर्मनी ने भारतीय नागरिकों के लिए वीज़ा-फ्री ट्रांजिट सुविधा की घोषणा की है। यह फैसला गांधीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत के बाद लिया गया। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी ने इस फैसले के लिए जर्मनी का धन्यवाद किया और कहा कि इससे दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के रिश्ते और मजबूत होंगे।

इस नई सुविधा के तहत भारतीय पासपोर्ट धारक अब जर्मनी के एयरपोर्ट से होते हुए आगे की यात्रा कर सकेंगे, बिना अलग से ट्रांजिट वीज़ा लिए। पहले शेंगेन नियमों के तहत भारतीय यात्रियों को फ्रैंकफर्ट, म्यूनिख या बर्लिन जैसे एयरपोर्ट पर सिर्फ ट्रांजिट के लिए भी एयरपोर्ट ट्रांजिट वीज़ा (कैटेगरी A) लेना पड़ता था, भले ही वे एयरपोर्ट से बाहर न जाएं।

अब तय शर्तों को पूरा करने वाले भारतीय यात्री बिना ट्रांजिट वीज़ा जर्मनी के एयरपोर्ट पर फ्लाइट बदल सकेंगे, जिससे यात्रा आसान और समय बचाने वाली होगी। हालांकि, यह सुविधा जर्मनी में वीज़ा-फ्री एंट्री की अनुमति नहीं देती। जर्मनी या अन्य शेंगेन देशों में घूमने, बिजनेस या लंबे समय तक रहने के लिए भारतीयों को पहले की तरह वीज़ा लेना होगा।

भारत और जर्मनी के बीच यात्रा लगातार बढ़ रही है। जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच जर्मनी में भारतीयों की ओवरनाइट स्टे 7.75 लाख के पार पहुंच गई। बेहतर फ्लाइट कनेक्टिविटी और बढ़ती दिलचस्पी इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है। जर्मन नेशनल टूरिस्ट ऑफिस इंडिया के मुताबिक, 2026 में यह आंकड़ा 10 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि पढ़ाई, परिवार से मिलने और यहां तक कि भारतीय शादियों के लिए भी जर्मनी को पसंद किया जा रहा है।

बैठक में माइग्रेशन और शिक्षा भी अहम मुद्दे रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जर्मनी ने ग्लोबल स्किल्स पार्टनरशिप के तहत कानूनी माइग्रेशन और स्किल डेवलपमेंट पर खास ध्यान दिया है। इससे खासतौर पर हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के लिए अवसर बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री ने जर्मन विश्वविद्यालयों को भारत में कैंपस खोलने का भी आमंत्रण दिया और वीज़ा-फ्री ट्रांजिट के फैसले के लिए चांसलर मर्ज़ का आभार जताया।

गौरतलब है कि चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह उनकी पद संभालने के बाद पहली एशियाई यात्रा है। दोनों देश इस साल अपने 75 साल के राजनयिक संबंध और 25 साल की रणनीतिक साझेदारी का जश्न मना रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button