बांग्लादेश में 10 दिनों में तीसरे हिंदू युवक की हत्या

बांग्लादेश में बीते 10 दिनों के भीतर तीसरे हिंदू युवक की हत्या की घटना सामने आई है। ताजा मामला मयमनसिंह जिले का है, जहां एक कपड़ा कारखाने में काम करने वाले हिंदू युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में एक बार फिर तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान बजेन्द्र बिस्वास (42 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अंसार बल का सदस्य था। अंसार बांग्लादेश का एक अर्धसैनिक संगठन है, जो गांवों की सुरक्षा व्यवस्था में सहायता करता है। बताया जा रहा है कि भालुका इलाके के एक कपड़ा कारखाने में उसके सहकर्मी ने ही उसे गोली मार दी।
गौरतलब है कि इसी जिले में 18 दिसंबर को दीपू चंद्र दास नामक हिंदू युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी और बाद में उसका शव कथित तौर पर चौराहे पर जला दिया गया था। इससे पहले करीब तीन दिन पहले ढाका में अमृत मंडल नामक एक अन्य हिंदू युवक की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि उस पर जबरन वसूली (हफ्ता मांगने) से जुड़ा विवाद था।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ इलाकों में हिंदुओं के घरों को नुकसान पहुंचाने और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं।





