भारत

कांग्रेस का ऐलान: 5 जनवरी से देशभर में ‘मनरेगा बचाओ आंदोलन’, VB-G RAM G Act के खिलाफ उतरेगी पार्टी

नई दिल्ली: कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक के बाद पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा सियासी एलान किया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि पार्टी 5 जनवरी 2026 से देशभर में ‘मनरेगा बचाओ आंदोलन’ शुरू करेगी. यह आंदोलन विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका योजना (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G Act, 2025 के खिलाफ होगा.

संविधान से मिला अधिकार है मनरेगा: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं बल्कि संविधान से मिला काम का अधिकार है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसे कमजोर करना या नाम बदलना गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण भारत पर सीधा हमला है. खड़गे ने साफ किया कि इस लड़ाई में पूरा विपक्ष साथ होगा और यह आंदोलन गांव-गांव तक ले जाया जाएगा.

खड़गे ने कहा कि कोविड काल में मनरेगा ने गरीबों को संभालने में बड़ी भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का नाम हटाना अपमान है और कांग्रेस इसका हर स्तर पर विरोध करेगी.

राहुल गांधी ने लगाया ‘वन मैन शो’ का आरोप

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि VB-G RAM G Act के जरिए सरकार ने मनरेगा के अधिकार आधारित ढांचे को खत्म कर दिया है. उन्होंने कहा कि यह फैसला गरीबों के हक पर हमला है और इससे देश की जनता को सीधा दर्द पहुंचेगा. राहुल गांधी के मुताबिक यह कदम संघीय ढांचे के खिलाफ है और इससे सत्ता का केंद्रीकरण होगा.

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह फैसला सीधे पीएमओ से लिया गया, जिसमें न मंत्रियों से सलाह ली गई और न ही कैबिनेट से चर्चा हुई. उन्होंने इसे ‘वन मैन शो’ करार देते हुए कहा कि सरकार कुछ चुनिंदा अरबपतियों के फायदे के लिए फैसले ले रही है, जिसका नुकसान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को होगा.

अधिकार आधारित कॉन्सेप्ट था मनरेगा

राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं थी, बल्कि यह अधिकार आधारित कॉन्सेप्ट था. इससे करोड़ों लोगों को न्यूनतम मजदूरी और रोजगार की गारंटी मिलती थी. उन्होंने कहा कि यह पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और सीधे ग्रामीण परिवारों को सहारा देने का माध्यम था.

CWC बैठक में ली गई शपथ

CWC बैठक में यह शपथ ली गई है कि मनरेगा को केंद्र में रखकर देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा और मोदी सरकार की “अमीर समर्थक नीतियों” को उजागर किया जाएगा. कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि 5 जनवरी 2026 से शुरू होने वाला यह आंदोलन पूरे देश में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button