ताज़ा खबरें

तिरुवनंतपुरम: 45 साल बाद बीजेपी ने तोड़ा वाम गढ़, वीवी राजेश बने मेयर

तिरुवनंतपुरम: केरल के नगर निकाय चुनाव में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में मेयर का चुनाव जीत लिया है. वीवी राजेश को बीजेपी से मेयर चुना गया है, जिसके साथ ही 45 वर्षों से लेफ्ट पार्टियों के शासन का अंत हो गया है.

101 सीटों वाले तिरुवनंतपुरम नगर निगम में हुए मेयर चुनाव में राजेश को बीजेपी के 50 पार्षदों के साथ एक निर्दलीय का भी समर्थन मिला. वहीं, एलडीएफ उम्मीदवार आरपी शिवाजी को 29 वोट और यूडीएफ प्रत्याशी को केवल 17 वोट मिले.

जीत के बाद नवनिर्वाचित मेयर राजेश ने कहा, “हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे, सबको साथ लेकर चलेंगे. सभी 101 वार्डों में विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे. तिरुवनंतपुरम को देश के एक विकसित शहर में बदलेंगे.”

राजेश का राजनीतिक सफर

हालांकि सेवानिवृत्त डीजीपी आर श्रीलेखा को मेयर पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व की राय से राजेश के नाम पर मुहर लगी. राजेश दो बार पार्षद, केरल भाजपा सचिव, पूर्व भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष और तिरुवनंतपुरम जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं. उन्होंने लेफ्ट शासित तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाया था.

चुनाव परिणाम

नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में 50 सीटें जीतकर इतिहास रचा था और 45 साल पुराने लेफ्ट के गढ़ को ढहा दिया था. कांग्रेस के यूडीएफ ने अपनी सीटें बढ़ाकर 19 कीं, जबकि एलडीएफ को केवल 29 सीटें मिल पाईं.

शुक्रवार को नगर निगम के नवनियुक्त भाजपा पार्षदों और जिले के नेताओं की बैठक हुई, जिसमें केरल भाजपा के महासचिव एस सुरेश ने इसकी घोषणा की. केरल विधानसभा चुनाव के कुछ महीनों पहले यह जीत बीजेपी के लिए बड़ी संजीवनी का काम कर सकती है. केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बीजेपी इसे अपने लिए बड़ी जीत मान रही है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button