ग्वालियर में फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, शादी के नाम पर ठगी का बड़ा गिरोह पकड़ा गया

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले दो फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटरों का पर्दाफाश किया है। इन कॉल सेंटरों के जरिए देशभर के अविवाहित पुरुषों को नकली प्रोफाइल और झूठे शादी के वादों में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठे जा रहे थे।
ग्वालियर क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और थाना थाटीपुर की संयुक्त कार्रवाई में 20 युवतियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने दो महिलाओं को कॉल सेंटर संचालक के रूप में गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड तिलेश्वर उर्फ दिनेश पटेल फिलहाल फरार है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए चल रहे शादी ठगी रैकेट की पुख्ता सूचना मिली थी। आरोपी अविवाहित पुरुषों को आकर्षक नकली प्रोफाइल दिखाकर भावनात्मक रूप से फंसाते थे और फिर उनसे पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे।
पहली कार्रवाई मयूर नगर में मयूर प्लाजा के पीछे एक मकान में की गई, जहां पहली मंजिल पर कॉल सेंटर चल रहा था। यहां से लैपटॉप, कंप्यूटर, रजिस्टर, मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए गए। इस सेंटर में 20 से 25 साल की 12 युवतियां काम कर रही थीं। पुलिस के मुताबिक यह सेंटर राखी गौर (24) चला रही थी, जिसे हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि इसी गिरोह का दूसरा कॉल सेंटर पास के ज्योति नगर इलाके में द्वारकाधीश मंदिर के सामने एक फ्लैट में चल रहा था। वहां छापेमारी के दौरान 7 और युवतियों को पकड़ा गया। यह सेंटर सीता उर्फ शीटल चौहान (26) संचालित कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इंटरनेट से मॉडल्स और सुंदर महिलाओं की तस्वीरें डाउनलोड कर फर्जी मैट्रिमोनियल प्रोफाइल बनाते थे। इसके बाद कॉल सेंटर से फोन कर खुद को भावी दुल्हन बताकर बात करते थे और रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन या शादी के खर्च के नाम पर QR कोड भेजकर पैसे मंगवाते थे। रकम मिलने के बाद कॉल और मोबाइल बंद कर दिए जाते थे।
पुलिस को शक है कि गिरोह ने अब तक 1500 से ज्यादा लोगों को ठगा है और करीब 1.5 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। फिलहाल 100 से ज्यादा पीड़ितों की पुष्टि हो चुकी है।
जांच एजेंसियां बैंक खातों, डिजिटल डेटा और ट्रांजैक्शन की जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी होगी और इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।





