अटल जयंती पर लखनऊ को बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने किया राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण

लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की भव्य कांस्य प्रतिमाओं का अनावरण कर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।
इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। प्रतिमाओं के अनावरण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारत माता की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए और इसके बाद परिसर में बने म्यूजियम का भ्रमण किया।
मंच पर प्रधानमंत्री के पहुंचते ही वंदे मातरम् के साथ उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा भेंट कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। म्यूजियम में प्रधानमंत्री ने तीनों महापुरुषों के जीवन और योगदान पर आधारित चलचित्र भी देखा।
करीब 65 एकड़ में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यहां 65-65 फीट ऊंची तीन भव्य कांस्य प्रतिमाएं मुख्य आकर्षण हैं। इसके साथ ही एक आधुनिक संग्रहालय भी बनाया गया है, जिसमें इन महान नेताओं के जीवन, विचार और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को दर्शाया गया है।
यह स्थल पहले कूड़े के ढेर के रूप में जाना जाता था, जहां लोग जाने से भी कतराते थे। अब इसे एक प्रेरणादायी और भव्य स्मारक के रूप में विकसित किया गया है। उद्घाटन समारोह के लिए करीब 1.25 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
प्रधानमंत्री मोदी ने लखनऊ आने से पहले सोशल मीडिया पर कहा था कि देश की महान विभूतियों की विरासत का सम्मान और संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल इसी संकल्प का प्रतीक है, जहां आने वाली पीढ़ियां इन नेताओं के विचारों और योगदान से प्रेरणा ले सकेंगी।





