भारत

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हुई कमर्शियल उड़ानें, मुंबई को मिला नया एविएशन हब

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) ने गुरुवार, 25 दिसंबर 2025 से कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशंस की औपचारिक शुरुआत कर दी। यह भारत के सिविल एविएशन सेक्टर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) की हवाई यातायात क्षमता को बड़ी राहत मिलेगी।

एयरपोर्ट पर पहली कमर्शियल फ्लाइट सुबह 8 बजे बेंगलुरु से पहुंची। इंडिगो की इस फ्लाइट के रनवे पर लैंड करते ही पारंपरिक वॉटर कैनन सल्यूट दिया गया, जो किसी भी एयरपोर्ट की पहली कमर्शियल उड़ान के स्वागत की खास परंपरा होती है।

पहली लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट से पहली उड़ान भी इंडिगो की ही रही। फ्लाइट नंबर 6E882 सुबह 8:40 बजे हैदराबाद के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही नवी मुंबई एयरपोर्ट का पहला आगमन और प्रस्थान चक्र सफलतापूर्वक पूरा हुआ। पहले दिन इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्टार एयर की घरेलू उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इन फ्लाइट्स के जरिए देश के 9 शहरों को नवी मुंबई एयरपोर्ट से जोड़ा गया है। पहले दिन कुल 15 निर्धारित उड़ानों का संचालन होगा।

शुरुआती चरण में एयरपोर्ट 12 घंटे यानी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान रोजाना अधिकतम 24 निर्धारित उड़ानें 13 शहरों के लिए संचालित की जा सकेंगी। एयरपोर्ट प्रति घंटे 10 विमानों की आवाजाही (लैंडिंग और टेकऑफ) संभालने में सक्षम है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन इस साल 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। एयरपोर्ट का पहला चरण करीब 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।

पूरा प्रोजेक्ट पांच चरणों में विकसित किया जा रहा है। सभी चरण पूरे होने के बाद यह एयरपोर्ट सालाना करीब 9 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। इसके साथ ही यहां आधुनिक कार्गो टर्मिनल और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी की सुविधाएं भी होंगी।

यह परियोजना नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NMIAL) के तहत विकसित की जा रही है, जिसमें अदाणी समूह की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि महाराष्ट्र सरकार की एजेंसी सिडको (CIDCO) की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है। अधिकारियों के अनुसार, फरवरी 2026 से एयरपोर्ट पर चरणबद्ध तरीके से 24 घंटे यानी राउंड-द-क्लॉक ऑपरेशंस शुरू करने की योजना है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button