ओडिशा के कंधमाल में मुठभेड़, महिला समेत 3 माओवादी ढेर

ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला सहित तीन माओवादी मारे गए हैं। पुलिस ने गुरुवार (25 दिसंबर 2025) को इसकी पुष्टि की।
यह मुठभेड़ बुधवार रात बेलघर थाना क्षेत्र के गुम्मा जंगल में हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारे गए दो पुरुष माओवादियों की पहचान सीपीआई (माओवादी) के एरिया कमेटी मेंबर बारी उर्फ राकेश और दलम सदस्य अमृत के रूप में हुई है। दोनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और इन पर कुल ₹23.65 लाख का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ स्थल के पास गुरुवार सुबह एक महिला माओवादी का शव भी बरामद किया गया। हालांकि उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक, खुफिया सूचना के आधार पर ओडिशा पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की एक मोबाइल टीम जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान माओवादियों से आमना-सामना हो गया और दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई।
फायरिंग के बाद मौके से दो पुरुष माओवादियों के शव तुरंत बरामद कर लिए गए, जबकि महिला माओवादी का शव कुछ दूरी पर मिला। घटनास्थल से एक रिवॉल्वर, एक .303 राइफल और एक वॉकी-टॉकी सेट भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इलाके में तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया है।
गौरतलब है कि यह मुठभेड़ ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही पड़ोसी मलकानगिरी जिले में 22 माओवादियों ने ओडिशा के डीजीपी वाईबी खुरानिया के सामने आत्मसमर्पण किया था।





