दिल्ली मेट्रो चरण 5A को मिली मंजूरी, दिल्ली मेट्रो के 13 नए स्टेशन बनाने का ऐलान

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली मेट्रो के चरण 5ए को मंजूरी दे दी है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को इस बड़े फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के तहत 12,015 करोड़ रुपये की लागत से 16 किलोमीटर लंबी नई लाइन बिछाई जाएगी, जिसमें 13 स्टेशन शामिल होंगे.
इस नई लाइन के जुड़ने के बाद दिल्ली मेट्रो नेटवर्क 400 किलोमीटर का आंकड़ा पार कर जाएगा. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दिल्ली मेट्रो रेल परियोजना के चरण-5ए का निर्माण कार्य तीन साल में पूरा होगा.
भूमिगत निर्माण से यातायात में न्यूनतम बाधा
वैष्णव ने जानकारी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य अधिकतर सुरंग खोदने वाली मशीनों का उपयोग करके भूमिगत रूप से किया जाएगा, जिससे यातायात में न्यूनतम बाधा उत्पन्न होगी. यह तकनीक शहर की आवाजाही को प्रभावित किए बिना निर्माण कार्य को सुगम बनाएगी.
23 साल में मेट्रो का सफर
दिल्ली में आज मेट्रो का ऑपरेशनल नेटवर्क बढ़कर 394.24 किमी तक पहुंच चुका है. 23 साल बाद आज मेट्रो एक लाइन से बढ़कर 12 मेट्रो लाइनों तक पहुंच चुकी है और इसके स्टेशनों की संख्या बढ़कर 289 तक पहुंच चुकी है.
भारत का मेट्रो नेटवर्क वैश्विक स्तर पर
मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई के मामले में भारत का आंकड़ा 1,090 किलोमीटर हो गया है. इस सूची में चीन पहले स्थान पर है, जबकि अमेरिका 1,400 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क के साथ दूसरे स्थान पर है.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश में लगभग 900 किलोमीटर लंबी मेट्रो परियोजनाओं का काम जारी है. उन्होंने कहा कि इनमें से 300 किलोमीटर के जुड़ने के साथ ही भारत अमेरिका को पीछे छोड़ देगा और मेट्रो नेटवर्क के मामले में विश्व में दूसरे स्थान पर आ जाएगा.





