भारत

मुंबई: उद्धव-राज ठाकरे 20 साल बाद एक मंच पर, बीएमसी चुनाव 2026 के लिए गठबंधन का ऐलान

मुंबई. महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. बालासाहेब ठाकरे की विरासत संभालने वाले उनके बेटे उद्धव ठाकरे और भतीजे राज ठाकरे करीब 20 साल बाद फिर से एकसाथ नजर आए हैं. शिवसेना यूबीटी और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने बीएमसी चुनाव 2026 से पहले गठबंधन की घोषणा कर दी है.

शिवतीर्थ पर संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस

उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने शिवतीर्थ पर एक साथ प्रेस कांफ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया. दोनों दलों के नेताओं का मानना है कि इसके साथ ही एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत हो गई है. इस गठबंधन का इंतजार दोनों ही दलों के नेता और कार्यकर्ता काफी लंबे समय से कर रहे थे, जिससे कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल बना हुआ है.

भावनात्मक पल, कार्यकर्ताओं की आंखों में आंसू

यह गठबंधन बेहद भावनात्मक माना जा रहा है. ऐसे कई कार्यकर्ता हैं, जिनकी उम्र 80-90 साल है और जो बालासाहेब ठाकरे के जमाने से शिवसेना के समर्थक रहे हैं. इस गठबंधन को देखकर उनकी आंखों में आंसू आना तय है.

‘मराठी मानुष के लिए मंगलमय दिन’

उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने कहा, “आज का दिन मराठी मानुष के लिए मंगलमय है. मुझे वह दिन याद आता है जब संयुक्त महाराष्ट्र का मंगल कलश आया था. आज भी राज और उद्धव मराठी मानुष के लिए मंगल कलश लेकर आ रहे हैं.”

सिर्फ बालासाहेब की तस्वीर वाला पोस्टर

खास बात यह रही कि ठाकरे भाइयों के एक साथ आने का ऐलान बाल ठाकरे के पोस्टर तले किया गया. इस पोस्टर में न तो उद्धव ठाकरे की तस्वीर दिखी और न ही राज ठाकरे की. दोनों के पार्टी सिंबल के साथ चेहरा केवल बालासाहेब ठाकरे का ही दिखाया गया.

कांग्रेस-पवार से भी गठबंधन की इच्छा

उद्धव और राज ठाकरे के गठबंधन के साथ शिवसेना यूबीटी के नेता ने इच्छा जताई कि कांग्रेस भी उनके साथ आए और शरद पवार भी उनके साथ रहें. संजय राउत ने कहा, “गठबंधन या महागठबंधन में हर बार मनचाही चीज नहीं मिलती. व्यक्तियों के प्रेम में न पड़कर सीटों का बंटवारा करना होता है. जो जीत सकता है, उसे सीट मिले, इसी आधार पर सीटों का बंटवारा तय किया जाना चाहिए.”

महाराष्ट्र में बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना एक बार फिर मजबूत होती दिख रही है. यह गठबंधन राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button