विदेश

नासा के वेब टेलीस्कोप ने खोजा रहस्यमयी एक्सोप्लैनेट, जहां कार्बन बादल बना सकते हैं हीरे

वैज्ञानिकों को अंतरिक्ष में एक ऐसा रहस्यमयी ग्रह मिला है, जिसने खगोल विज्ञान की दुनिया को हैरान कर दिया है। नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (JWST) ने इस अनोखे एक्सोप्लैनेट की पहचान की है, जिसके वातावरण को अब तक की जानकारी से बिल्कुल अलग बताया जा रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस ग्रह के आसमान में कार्बन के बादल हीरे (डायमंड) में बदल सकते हैं।

इस ग्रह का नाम PSR J2322−2650 b रखा गया है। यह आकार में बृहस्पति ग्रह जितना बड़ा है और एक बेहद तेज़ी से घूमने वाले पल्सर (मृत तारे का घना अवशेष) की परिक्रमा करता है। यह ग्रह अपने तारे से सिर्फ करीब 10 लाख मील की दूरी पर है और महज 7.8 घंटे में एक चक्कर पूरा कर लेता है।

पल्सर की जबरदस्त गुरुत्वाकर्षण शक्ति के कारण यह ग्रह गोल नहीं, बल्कि नींबू जैसी लंबी आकृति में खिंचा हुआ दिखाई देता है। वैज्ञानिकों को सबसे ज़्यादा हैरानी इसके वातावरण को देखकर हुई। आम ग्रहों के विपरीत, इस ग्रह के वातावरण में हीलियम और कार्बन अणु (C₂ और C₃) प्रमुख रूप से मौजूद हैं, जबकि ऑक्सीजन और नाइट्रोजन लगभग नहीं के बराबर हैं। अब तक अध्ययन किए गए 150 से अधिक ग्रहों में ऐसा वातावरण पहले कभी नहीं देखा गया।

शोधकर्ताओं का मानना है कि इस ग्रह के भीतर अत्यधिक दबाव के कारण कार्बन के कण ठोस रूप ले सकते हैं, जिससे आसमान में डायमंड रेन यानी हीरों की बारिश जैसी स्थिति बन सकती है। अध्ययन से जुड़े वैज्ञानिक पीटर गाओ ने कहा कि जब यह डेटा पहली बार सामने आया, तो पूरी टीम चौंक गई। उन्होंने कहा, “यह हमारी उम्मीदों से बिल्कुल अलग है। ऐसा ग्रह हमने पहले कभी नहीं देखा।”

यह खोज न केवल ग्रहों की समझ को बदल सकती है, बल्कि ब्रह्मांड की रहस्यमयी संरचना पर भी नए सवाल खड़े करती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button