दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में भीषण गोलीबारी, 10 लोगों की मौत

दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में रविवार को एक भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई। जोहानिसबर्ग के पश्चिमी हिस्से में स्थित बेकर्सडाल टाउनशिप में हुई इस फायरिंग में कम से कम दस लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात हथियारबंद हमलावर अचानक इलाके में घुसे और बिना किसी चेतावनी के भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो चुके थे।
पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।





