मानव तस्करी और साइबर ठगी मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, दो संपत्तियां जब्त

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी की दो अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया है। यह जानकारी बुधवार को अधिकारियों ने दी। NIA के अनुसार, वांछित आरोपी आनंद कुमार सिंह की महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित एक फ्लैट और बिहार के सिवान जिले में स्थित एक जमीन को कुर्क किया गया है। इन दोनों संपत्तियों को आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम पर मानव तस्करी से कमाई गई अवैध रकम से खरीदा था।
आनंद कुमार सिंह एक भारतीय नागरिक है और फिलहाल कंबोडिया में रह रहा है। जांच में सामने आया है कि वह भारतीय युवाओं को कंबोडिया ले जाकर जबरन साइबर ठगी जैसे अपराधों में धकेलने वाले गिरोह का हिस्सा था।
पटना स्थित विशेष NIA अदालत ने 10 दिसंबर को इन दोनों संपत्तियों को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए जब्त करने का आदेश दिया। अदालत ने यह भी निर्देश दिया है कि नीलामी के बाद मिलने वाली राशि को सरकार के पक्ष में जब्त किया जाए।
NIA की जांच में पता चला है कि यह गिरोह भारत के गरीब और बेरोजगार युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देता था। विदेश पहुंचने के बाद युवाओं के पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उन्हें साइबर ठगी करने वाली कंपनियों को बेच दिया जाता था।
जो युवक इस काम से इनकार करते थे, उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। एजेंसी ने बताया कि इस पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश करने और उसे पूरी तरह खत्म करने के लिए जांच अभी जारी है।





