6वें दिन भी संकट, रविवार को इंडिगो की 220 उड़ानें रद्द

इंडिगो एयरलाइन में परिचालन संकट को दूर करने और हालात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन यह संकट लगातार छठे दिन भी जारी रहा। रविवार को दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर 220 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं। पिछले छह दिनों में इस संकट के चलते लगभग 3,000 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिससे देश में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और लाखों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
मुंबई एयरपोर्ट पर रविवार को कम से कम 112 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर 109 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। इसके पहले शुक्रवार को इंडिगो ने लगभग 1,600 उड़ानें रद्द की थीं, जबकि शनिवार को यह संख्या घटकर लगभग 800 रह गई थी।
सरकार ने इस संकट को गंभीरता से लिया है और इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स तथा सीओओ और अकाउंटेबल मैनेजर पोर्केरास को डीजीसीए ने नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर परिचालन संकट पर जवाब देने को कहा है।





