मनोरंजन

ग्रैमी-नॉमिनेटेड संगीतकार अनुष्का शंकर का आरोप- एयर इंडिया की लापरवाही से क्षतिग्रस्त हुआ सितार

ग्रैमी-नॉमिनेटेड सितार वादक अनुष्का शंकर ने एयर इंडिया पर उनके सितार को खराब तरीके से हैंडल करने का आरोप लगाया है। हाल ही की एक उड़ान के बाद जब वह अपना सितार लेकर बाहर निकलीं, तो उन्होंने देखा कि उसके अंदर गहरी दरारें पड़ चुकी हैं। इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि वह “हैरान और दुखी” हैं।

उन्होंने बताया कि वह हमेशा अपने सितार को हार्ड, प्रोटेक्टिव केस में लेकर चलती हैं और इसके लिए उन्होंने अतिरिक्त हैंडलिंग फीस भी चुकाई थी, ताकि वाद्ययंत्र को ज्यादा सावधानी से रखा जाए। इसके बावजूद ऐसा नुकसान देखकर वह सदमे में हैं। अनुष्का ने सवाल उठाया— “मेरे पास स्पेशल केस है, आपने हैंडलिंग फीस भी ली… फिर ये कैसे हो गया?”

अनुष्का ने अपनी पोस्ट में लिखा कि एयर इंडिया पर भरोसा करके लंबे समय बाद सफर किया, लेकिन “ऐसा लगता है कि भारतीय वाद्ययंत्र भी एयर इंडिया में सुरक्षित नहीं हैं।” उन्होंने बताया कि वह दुनिया भर में हजारों उड़ानों से गई हैं, लेकिन ऐसा बड़ा नुकसान कभी नहीं हुआ। अनुष्का की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर समर्थन और नाराज़गी का दौर शुरू हो गया। कई संगीतकारों और फैन्स ने कमेंट करके दुख और गुस्सा जताया।

संगीतकार अन्विता शंकर ने लिखा, “यह अविश्वसनीय है! इतने सुरक्षित केस के अंदर सितार को इतनी बुरी तरह कैसे संभाला गया!?”
विशाल डडलानी ने प्रतिक्रिया दी— “ये दिल तोड़ने वाला है!” एक अन्य यूज़र ने लिखा— “यह बहुत बुरा हुआ… बेहद दुखद!” यह पहला मामला नहीं है। कुछ समय पहले शास्त्रीय संगीतकार अर्नब भट्टाचार्य का सरोद भी विदेश यात्रा के दौरान टूट गया था। उनका सरोद एक ओवरसाइज़्ड बैग में रखा गया था, जो हैंडलिंग में क्षतिग्रस्त हो गया।

अनुष्का की पोस्ट के बाद फिर सवाल उठ रहे हैं कि एयरलाइंस को नाजुक और महंगे वाद्ययंत्रों को लेकर बेहतर नियम और सावधानी क्यों नहीं अपनाई जाती।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button