पश्चिम बंगाल में CM पद को लेकर सस्पेंस, अग्निमित्रा पॉल का नाम चर्चा में

पश्चिम बंगाल में सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने और बीजेपी द्वारा 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह की घोषणा के बाद अब नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। बीजेपी के संभावित चेहरों में पार्टी नेता अग्निमित्रा पॉल का नाम भी सामने आ रहा है।
बीजेपी की उपाध्यक्ष अग्निमित्रा पॉल ने 2026 विधानसभा चुनाव में आसनसोल दक्षिण सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने टीएमसी उम्मीदवार तपस बनर्जी को 40 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि अगर बीजेपी पश्चिम बंगाल में महिला मुख्यमंत्री बनाना चाहती है, तो अग्निमित्रा पॉल एक मजबूत विकल्प हो सकती हैं।
राजनीति में आने से पहले अग्निमित्रा पॉल फैशन डिजाइनर रह चुकी हैं। सोशल मीडिया प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने राजनीति में आने के बाद खुद को महिला सशक्तिकरण और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाली नेता के रूप में पेश किया है। हालांकि, उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके खिलाफ 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गैरकानूनी सभा, विरोध प्रदर्शन, दंगा और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने जैसे आरोप शामिल हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी मामले में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में अग्निमित्रा पॉल के अलावा सुवेंदु अधिकारी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य का नाम भी चर्चा में है। सुवेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में बड़ा प्रदर्शन करते हुए भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराया है।
बीजेपी ने ऐलान किया है कि पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री 9 मई को शपथ लेंगे, जो रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।





