ऋतेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ का धमाल, तीसरे दिन कमाई में बड़ा उछाल

मुंबई: अभिनेता ऋतेश देशमुख की ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन जबरदस्त उछाल दिखाते हुए करीब 12 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन अब 33.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 40 करोड़ रुपये के पार निकल चुका है। ऐसे में फिल्म जल्द ही 50 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है।
फिल्म ने पहले दिन 11.35 करोड़ रुपये के साथ अच्छी ओपनिंग की थी। दूसरे दिन कमाई में थोड़ी गिरावट देखने को मिली और फिल्म ने 10.55 करोड़ रुपये कमाए। हालांकि, रविवार को फिल्म ने जोरदार वापसी की और कमाई में करीब 13 फीसदी का उछाल दर्ज किया।
फिल्म का मराठी वर्जन सबसे ज्यादा अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। तीसरे दिन मराठी वर्जन ने करीब 7.75 करोड़ रुपये कमाए और इसकी ऑक्यूपेंसी भी मजबूत रही। वहीं हिंदी वर्जन ने लगभग 4.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इस फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका में ऋतेश देशमुख नजर आ रहे हैं। फिल्म में उनके साथ संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन और सलमान खान जैसे सितारे भी शामिल हैं।
दर्शकों और क्रिटिक्स से मिल रहे पॉजिटिव रिस्पॉन्स के चलते फिल्म ने मराठी सिनेमा में नए रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म ने सिर्फ 3 दिनों में ‘लई भारी’ का लाइफटाइम कलेक्शन भी पीछे छोड़ दिया है। साथ ही इसने मराठी सिनेमा में सबसे बड़ी ओपनिंग और वीकेंड कलेक्शन का रिकॉर्ड भी बनाया है।





