करनाल में कर्ण लेक के पास मचा हड़कंप: हाईवे किनारे संदिग्ध विस्फोटक मिलने से क्षेत्र सील

हरियाणा के करनाल में NH-44 के पास स्थित प्रसिद्ध कर्ण लेक इलाके में गुरुवार सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई। करीब साढ़े 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि लेक क्षेत्र के पास विस्फोटक जैसी कोई वस्तु पड़ी है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर तुरंत यातायात रोक दिया।
दो ग्रेनेड और आरडीएक्स बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को दो ग्रेनेड और आरडीएक्स मिला। तुरंत बम निरोधक दस्ता बुलाया गया, जिसने सतर्कता बरतते हुए सभी विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। राहत की बात यह रही कि पूरा ऑपरेशन बिना किसी नुकसान के पूरा हो गया।
कर्ण लेक क्षेत्र को किया गया सील
कर्ण लेक एक लोकप्रिय घूमने की जगह है, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहते हैं। विस्फोटक मिलने की जानकारी फैलते ही लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने तुरंत लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया और पूरे इलाके को एहतियातन सील कर दिया।
पुलिस शाम को करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
फिलहाल यह जांच की जा रही है कि विस्फोटक सामग्री यहां कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन हो सकता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुराग जुटाने में लगी है। करनाल पुलिस ने बताया कि शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में हुई अब तक की प्रगति की जानकारी साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि बुधवार को हरियाणा के सिरसा स्थित महिला थाने के बाहर भी ग्रेनेड से हमला हुआ था, जिसमें हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं, गुरुवार सुबह करनाल में विस्फोटक मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।





