शुभमन गिल ने तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों टीम से बाहर हैं मोहम्मद शमी

भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने माना कि मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी और प्रतिभाशाली गेंदबाज़ को टीम से बाहर रखना कभी आसान नहीं होता। हालांकि उन्होंने कहा कि चयन टीम की दीर्घकालिक रणनीति और आने वाले मैचों की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया गया है।
गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “शमी भाई जैसे गेंदबाज़ बहुत कम हैं, लेकिन हमें उन गेंदबाज़ों को भी ध्यान में रखना होता है जो इस समय खेल रहे हैं। अक्ष दीप, प्रसिद्ध कृष्णा जैसे गेंदबाज़ अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, सिराज और बुमराह का अनुभव टीम के लिए बड़ी ताकत है। कई बार ऐसे फैसले मुश्किल होते हैं, जब शमी भाई जैसे खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ता है।”
उन्होंने आगे कहा कि टीम चयन पूरी तरह रणनीतिक सोच के तहत किया गया है — ताकि आने वाली सीरीज़ और परिस्थितियों के मुताबिक गेंदबाज़ों को तैयार किया जा सके। “हमारे लिए यह जरूरी है कि हम जानें कि आगे कौन सी सीरीज़ है और कहां खेलनी है। उसी के हिसाब से तैयारी करनी होती है,” गिल ने कहा।
View this post on Instagram
जब पत्रकारों ने शमी की फिटनेस के बारे में पूछा तो गिल ने कहा, “इस पर चयनकर्ता बेहतर जवाब दे पाएंगे। टीम फिलहाल उन गेंदबाज़ों के साथ तैयारी कर रही है जो इस सीरीज़ के लिए उपलब्ध हैं।” 35 वर्षीय मोहम्मद शमी को एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज़ के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है। चयनकर्ताओं ने इस बार युवा पेस अटैक पर भरोसा जताया है, जिससे टीम की भविष्य की योजना का संकेत मिलता है।
हाल ही में शमी ने बंगाल के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात के खिलाफ 5 विकेट लेकर अपनी फॉर्म का दम दिखाया था। उन्होंने इस सीज़न में अब तक 4 पारियों में 15 विकेट लिए हैं, वह भी महज़ 10.46 की औसत से — जो राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए मजबूत दावा था। शमी आखिरी बार भारत के लिए मार्च 2025 में आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में खेले थे। इसके बाद वह वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज़ और अन्य अंतरराष्ट्रीय मैचों से बाहर रहे।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ 14 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शुरू होगी। दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। दौरे का समापन 30 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे और टी20 सीरीज़ से होगा।





