भारत

पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर नवले ब्रिज के पास भयानक सड़क हादसा, 7 की मौत

पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा नवले ब्रिज के पास हुआ, जब दो कंटेनर ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और एक कंटेनर अनियंत्रित होकर कई गाड़ियों से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान एक कार इन दोनों ट्रकों के बीच फंस गई थी। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी परिवार के सदस्य मौके पर ही दम तोड़ चुके हैं। अभी भी कुछ यात्रियों के वाहनों में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।


घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस बीच हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

गौरतलब है कि इसी नवले ब्रिज के पास करीब दो हफ्ते पहले भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जब टाइल्स से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर तीन वाहनों से टकरा गया था। उस हादसे में दो लोग घायल हुए थे और तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button