हाइफा में भारतीय फिल्म महोत्सव का उद्घाटन, भारतीय सिनेमा की विविधता का जश्न

इस्राइल के हाइफा शहर में भारतीय फिल्म महोत्सव के दूसरे संस्करण का शुभारंभ हुआ। यरुशलम में हाल ही में हुए बड़े प्रदर्शनों के बावजूद इस कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। भारतीय दूतावास ने हाइफा नगर पालिका के सहयोग से गुरुवार को इसका आयोजन किया।
इस मौके पर छह लोकप्रिय भारतीय फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिनके माध्यम से भारतीय सिनेमा की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया गया। उल्लेखनीय है कि भारतीय दूतावास ने इसी वर्ष फरवरी में भी ऐसा ही एक फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा था।
महोत्सव में इस्राइली फिल्म निर्माता डैन वोलमैन ने इसे भारत-इस्राइल सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की अहम पहल बताया। दो सप्ताह तक चलने वाले इस आयोजन के तहत हाइफा, तेल अवीव और दिमोना शहरों में ‘पद्मावत’, ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’, ‘जवान’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘अंधाधुन’ और ‘12वीं फेल’ जैसी चर्चित फिल्में दिखाई जाएंगी।
भारतीय दूतावास के मिशन उप-प्रमुख सर्वजीत सूदन ने कहा कि “भारतीय फिल्में भारत की सांस्कृतिक विविधता, भावनाओं और परंपराओं का प्रतीक हैं। इस महोत्सव का उद्देश्य भारत और इस्राइल के बीच सांस्कृतिक पुल को और मजबूत करना है।”
वर्तमान में इस्राइल के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 46,000 भारतीय काम कर रहे हैं, जो दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों का प्रतीक हैं।





