30,000 नौकरियां एक झटके में खत्म, अमेज़न की ग्लोबल मेगा छटनी ने मचाई हलचल

अमेज़न ने मंगलवार से अपने कॉरपोरेट कर्मचारियों को बड़ी संख्या में नौकरी से निकालना शुरू कर दिया है। Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी करीब 30,000 कर्मचारियों को टर्मिनेशन नोटिस भेज रही है, जो उसके कुल कॉरपोरेट स्टाफ का लगभग 10% हिस्सा है। यह कंपनी के इतिहास की सबसे बड़ी छंटनी मानी जा रही है।
छंटनी की शुरुआत से कुछ ही घंटे पहले, सोमवार 27 अक्टूबर को अमेज़न ने अपने मैनेजरों को तत्काल ट्रेनिंग दी। इस ट्रेनिंग का उद्देश्य उन्हें यह सिखाना था कि कर्मचारियों को नौकरी जाने की सूचना भावनात्मक रूप से सही तरीके से कैसे दी जाए। इसके अगले दिन सुबह छंटनी संबंधी ईमेल भेजने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई।
इस बड़े पैमाने की छंटनी का असर अमेज़न के कई प्रमुख विभागों पर पड़ा है। इनमें People Experience and Technology (PXT), यानी HR डिविजन, ऑपरेशंस, डिवाइसेज़ और सर्विसेज़, और Amazon Web Services (AWS) शामिल हैं। Fortune की एक रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ HR डिविजन में ही 15% तक कर्मचारियों की छंटनी हो सकती है, जो वैश्विक स्तर पर हजारों की संख्या में होगी।
अमेज़न के CEO एंडी जेसी कुछ महीनों से लागत कम करने की आक्रामक रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी दौरान आश्चर्यजनक रूप से कंपनी इस साल AI इंफ्रास्ट्रक्चर में 100 अरब डॉलर से ज्यादा का भारी निवेश भी कर रही है। इससे साफ है कि कंपनी अब अपने भविष्य को AI और ऑटोमेशन की दिशा में तेजी से मोड़ रही है, जबकि पारंपरिक कॉरपोरेट स्ट्रक्चर को कम किया जा रहा है।
अमेज़न ने हाल ही में कर्मचारियों के लिए हफ्ते में पांच दिन ऑफिस से काम करने की अनिवार्य पॉलिसी लागू की थी। कंपनी को उम्मीद थी कि इस सख्त नियम के कारण कई कर्मचारी स्वेच्छा से नौकरी छोड़ देंगे, जिससे छंटनी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लेकिन इस रणनीति से अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, जिसके चलते अब सीधे नौकरी से हटाने का कदम उठाया गया।
एक लीक ड्राफ्ट ईमेल के अनुसार, जिन कर्मचारियों को निकाला जा रहा है, उन्हें 90 दिनों तक पूरा वेतन और सभी अन्य लाभ जारी रहेंगे। शुरुआत में अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा के कर्मचारियों को नोटिस भेजने की जानकारी सामने आई है। इससे साफ है कि यह छंटनी केवल अमेरिका तक सीमित नहीं है, बल्कि एक वैश्विक प्रक्रिया है।
दिलचस्प बात यह है कि कॉरपोरेट स्तर पर इतनी बड़ी छंटनी के बावजूद, अमेज़न ने त्योहारी सीज़न के लिए 2.5 लाख अस्थायी वेयरहाउस कर्मचारियों की भर्ती अभियान भी शुरू कर दिया है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी अभी भी ग्राहक मांग को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहती है, जबकि बैक-एंड कॉरपोरेट ढांचे को हल्का करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।





