यूक्रेन पर रूस का ड्रोन और मिसाइल हमला, कीव समेत कई शहर प्रभावित

तीन साल से ज्यादा समय से चल रहे रूस–यूक्रेन संघर्ष में हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। इसी बीच बुधवार को रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया। अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। कीव के दनीप्रो जिले में एक 16-मंजिला इमारत की 6वीं मंजिल पर ड्रोन का मलबा गिरने से आग लग गई। दमकलकर्मियों ने दस लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन दो लोगों की मौत हो गई।
17 मंजिला इमारत पर भी हमला
दार्निस्तकी जिले में एक 17-मंजिला इमारत पर ड्रोन गिरा, जिससे पांच मंजिलों में आग फैल गई। यहां से 15 लोग बचाए गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। डेसंयांस्की जिले में एक दस-मंजिला इमारत की दीवार और गैस पाइप को भी नुकसान हुआ। वहां से 20 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
छात्रावास और मेडिकल सेंटर भी प्रभावित
कीव के मेयर विटाली क्लिट्सको ने बताया कि एक छात्रावास पर भी ड्रोन का मलबा गिरा। इसके अलावा एक चिकित्सा केंद्र की खिड़कियां भी टूट गईं। अधिकारियों ने कहा कि कीव के अलावा जपोरिज्जिया और ओडेसा क्षेत्र के बंदरगाह शहर इजमेल पर भी हमला हुआ।
यूक्रेन और अमेरिका का विवाद
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका से लॉन्ग-रेंज टोमहॉक मिसाइलें मांगी हैं। लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया है। जेलेंस्की ने कहा कि इस युद्ध को खत्म करने के लिए दबाव ही शांति ला सकता है।
नाटो और अंतरराष्ट्रीय समर्थन
गुरुवार को ट्रंप की नाटो प्रमुख मार्क रुटे के साथ व्हाइट हाउस में बैठक हुई। नाटो कई देशों के साथ समन्वय कर यूक्रेन को हथियार सप्लाई कर रहा है। इसके अलावा शुक्रवार को लंदन में ‘कोएलिशन ऑफ द विलिंग’ नामक बैठक होगी, जिसमें यूक्रेन का समर्थन करने वाले 35 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।





