मनोरंजन

जुबीन गर्ग की मौत में नया मोड़, SIT ने संदीपन गर्ग को दबोचा

प्रसिद्ध असमिया गायक जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत के मामले में जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। इस मामले में विशेष जांच टीम (SIT) और सीआईडी ने गायक के चचेरे भाई और असम पुलिस सेवा के अधिकारी संदीपन गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। संदीपन उस समय जुबीन के साथ सिंगापुर में उसी नौका पर मौजूद थे, जहां कथित रूप से जुबीन गर्ग की मौत हुई थी।

इससे पहले पुलिस ने कार्यक्रम आयोजक श्यामकानु महंत, जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, बैंड सदस्य शेखर ज्योति गोस्वामी, और सह-गायक अमृतप्रभा महंत को गिरफ्तार किया था। इन सभी से पूछताछ के बाद अब संदीपन गर्ग को भी हिरासत में लिया गया है। उन्हें आज चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में पेश किया जाएगा।

गायक जुबीन गर्ग की मौत के पीछे साजिश की आशंका पहले ही जताई जा रही थी। बैंड सदस्य शेखर ज्योति गोस्वामी ने आरोप लगाया था कि जुबीन को जहर दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि इस साजिश को अंजाम देने के लिए जानबूझकर एक विदेशी जगह (सिंगापुर) का चुनाव किया गया, ताकि साक्ष्यों को छिपाया जा सके।

जुबीन गर्ग 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में एक द्वीप के पास नौका यात्रा के दौरान तैरते समय अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें बचाया नहीं जा सका और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वे सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में प्रस्तुति देने गए थे। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर पहले दिल्ली और फिर असम लाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

मामले की जांच अब सीआईडी के हाथ में है, जो गायक की मौत के पीछे संभावित साजिश, षड्यंत्र और जहर देने जैसे गंभीर आरोपों की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के अनुसार, आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button