मोरक्को में विरोध प्रदर्शन हिंसक, गोलीबारी में तीन प्रदर्शनकारियों की मौत

मोरक्को में सरकार विरोधी प्रदर्शनों का दौर लगातार जारी है। बुधवार रात बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतर आए और सुरक्षाकर्मियों से उनकी झड़प हो गई। इस दौरान गोलीबारी में तीन प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।
घटनाओं के अगले दिन गुरुवार को प्रधानमंत्री अजीज अखन्नौच ने हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों की शिकायतों को सुनने और समाधान करने के लिए तैयार है। उन्होंने मंत्रिपरिषद को संबोधित करते हुए कहा कि मौतों पर गहरा शोक है और देश की समस्याओं का समाधान बातचीत और संवाद से ही संभव है।
प्रधानमंत्री ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की, लेकिन साथ ही संकेत दिया कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर उठ रही मांगों को सरकार गंभीरता से लेगी।
गृह मंत्रालय के अनुसार, प्रदर्शनकारियों में से कुछ ने सार्वजनिक भवनों और वाहनों को निशाना बनाया। हिंसक घटनाओं में 354 लोग घायल हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या कानून प्रवर्तन अधिकारियों की है। अधिकारियों ने बताया कि देश के 23 प्रांतों में सैकड़ों कारों, बैंकों, दुकानों और सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचा।
सरकार ने दावा किया कि तटीय शहर अगादिर के पास लेकलिया कस्बे में सुरक्षा बलों पर हथियार छीनने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों को गोली लगी थी। हालांकि इस घटना की स्वतंत्र रूप से कोई पुष्टि नहीं हो सकी। मंत्रालय का कहना है कि करीब 70 प्रतिशत प्रदर्शनकारी नाबालिग हैं, जिससे हालात और जटिल हो गए हैं।





