फिलीपींस में भूकंप से भारी तबाही, पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

फिलीपींस में मंगलवार देर रात आए जोरदार भूकंप से भारी तबाही हुई है। 6.9 तीव्रता का यह भूकंप सेबू द्वीप के उत्तरी हिस्से में स्थित बोगो शहर के पास रात 9:59 बजे (स्थानीय समय) आया। इस हादसे में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 150 लोग घायल हुए हैं।
बोगो एक तटीय शहर है, जिसकी आबादी करीब 90,000 है। यह शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। मुख्य भूकंप के बाद कम से कम चार और तेज झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 5 या उससे अधिक थी। इससे लोगों में डर और तबाही और बढ़ गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “फिलीपींस में आए भूकंप से हुई जनहानि और भारी नुकसान की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत इस कठिन समय में फिलीपींस के साथ खड़ा है।”
Deeply saddened to learn about the loss of lives and widespread damage caused by the earthquake in the Philippines. My thoughts and prayers are with the bereaved families. I wish the injured a speedy recovery. India stands in solidarity with the Philippines at this difficult…
— Narendra Modi (@narendramodi) October 1, 2025
फिलीपींस प्रशासन ने बताया कि कई इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है। कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं और आपातकालीन सेवाएं तेजी से काम कर रही हैं। भूकंप के बाद अभी भी झटके महसूस किए जा रहे हैं, जिससे हालात और मुश्किल हो गए हैं।





