धनुष का दमदार डायलॉग और कृति का ब्राइडल लुक, छा गया ‘तेरे इश्क में’ का टीज़र

बॉलीवुड में जल्द ही एक नई रोमांटिक ड्रामा फिल्म आने वाली है, जिसका नाम है ‘तेरे इश्क में’। इस फिल्म में धनुष और कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। आज मेकर्स ने फिल्म का टीज़र लॉन्च किया है, जिसमें प्यार के साथ-साथ बदले की झलक भी दिखाई दे रही है।
टीज़र की शुरुआत कृति सेनन से होती है, जो दुल्हन के रूप में शादी की तैयारियाँ कर रही होती हैं। तभी घायल हालत में धनुष की एंट्री होती है और उनका दमदार डायलॉग सुनाई देता है – “भगवान करे, तुझे भी शंकर जैसा बेटा हो… तब समझोगी कि जो आशिक प्यार में मर जाते हैं, वो भी किसी के बेटे होते हैं।”
इसके बाद टीज़र में कई फ्लैशबैक सीक्वेंस दिखाए गए हैं, जिनमें गहरी भावनाएँ, धोखा, दिल टूटने का दर्द और एक्शन से भरे सीन शामिल हैं। शुरुआत से ही धनुष और कृति के बीच रिश्ते में खटास साफ झलकती है। फिल्म का निर्देशन आनंद एल. राय ने किया है और इसे आनंद एल. राय, हिमांशु शर्मा, भूषण कुमार और कृष्ण कुमार ने प्रोड्यूस किया है। इसकी कहानी हिमांशु शर्मा ने लिखी है।
धनुष और आनंद एल. राय की जोड़ी पहले भी सुपरहिट फिल्म ‘रांझणा’ में दर्शकों का दिल जीत चुकी है। अब देखना होगा कि क्या ‘तेरे इश्क में’ भी वही जादू दोहरा पाएगी। यह फिल्म 28 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।





