टीवी एक्टर आशीष कपूर को मिली बेल, कोर्ट ने लगाई शर्तें

‘सरस्वतीचंद्र’ फेम टीवी एक्टर आशीष कपूर को दुष्कर्म मामले में गिरफ्तारी के बाद अब जमानत मिल गई है। उन्हें 6 सितंबर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन 10 सितंबर को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने बेल मंजूर कर दी।
अदालत ने कहा कि जांच में कई खामियां हैं। पुलिस रिमांड में रहने के बावजूद आरोपी का मोबाइल फोन बरामद करने के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं हुए और न ही कानून के मुताबिक तलाशी ली गई। कोर्ट ने यह भी माना कि आरोपी दिल्ली का स्थायी निवासी है और उसका आपराधिक इतिहास भी साफ-सुथरा है।
जमानत मिलने के बाद आशीष कपूर को कुछ शर्तों का पालन करना होगा। उन्हें एक लाख रुपये के बेल बॉन्ड पर साइन करने होंगे, मोबाइल फोन हमेशा एक्टिव रखना होगा और लोकेशन सर्विस चालू रखनी होगी।
11 अगस्त को दिल्ली के सिविल लाइंस थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि अगस्त के दूसरे हफ्ते में एक हाउस पार्टी के दौरान आशीष कपूर ने वॉशरूम में उसके साथ जबरदस्ती की। शुरुआती एफआईआर में कपूर के अलावा उनके दोस्त, दोस्त की पत्नी और दो अज्ञात लोगों के नाम भी शामिल थे। लेकिन बाद में पीड़िता ने बयान बदलते हुए केवल आशीष कपूर पर ही आरोप लगाए। इसी आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उन्हें पुणे से गिरफ्तार किया था।





