
कटरा/जम्मू-कश्मीर। माता वैष्णो देवी यात्रा पिछले आठ दिनों से बाधित है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण यात्रा स्थगित होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटरा में फंसे हुए हैं। इस बीच स्थानीय कटरा होटल एसोसिएशन ने आगे बढ़कर इंसानियत की मिसाल पेश की है। होटल मालिकों ने यात्रियों के लिए मुफ्त ठहरने और भोजन की व्यवस्था की है।
होटल एसोसिएशन के मुताबिक अब तक करीब 200 से 250 कमरे यात्रियों को उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें लगभग 700 श्रद्धालु ठहरे हुए हैं। इसके साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि किसी यात्री को परेशानी होने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
कई यात्री, जो पिछले चार दिनों से इन होटलों में ठहरे हुए हैं, उन्होंने कहा कि उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई और होटल मालिक लगातार सहयोग कर रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि यह मदद कटरा के लोगों के मानवीय भाव और आपसी भाईचारे को दर्शाती है।
भूस्खलन से बिगड़ा हालात
गौरतलब है कि अगस्त के आखिर में अधकुआरी के पास हुए भूस्खलन ने यात्रा को बुरी तरह प्रभावित किया था। यह इलाका कटरा से माता वैष्णो देवी भवन तक जाने वाले 12 किलोमीटर लंबे रास्ते के बीच पड़ता है। हादसे में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और करीब 20 लोग घायल हुए थे। मलबा हटाने और रास्ता बहाल करने का काम अभी भी जारी है।
प्रशासन की तैयारी और राहत कार्य
इस आपदा के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उच्च स्तरीय बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली, पीने का पानी और संचार व्यवस्था किसी भी हाल में बाधित न हो।
स्थानीय लोगों की सराहना
कटरा होटल मालिकों और स्थानीय लोगों की इस पहल की हर जगह सराहना हो रही है। यात्रियों का कहना है कि जब यात्रा रुक गई और हालात कठिन हो गए, तब उन्हें छत और भोजन की चिंता से मुक्त करने का श्रेय कटरा की इस मददगार भावना को जाता है।





