विदेश

तियानजिन में पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात, यूक्रेन युद्ध पर शांति की अपील

चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। इस बैठक में दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की, साथ ही यूक्रेन युद्ध को जल्द समाप्त करने की अपील की।

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “हम यूक्रेन में चल रहे संघर्ष पर लगातार चर्चा कर रहे हैं। शांति के लिए हाल के प्रयासों का स्वागत करते हैं। उम्मीद है कि सभी पक्ष रचनात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे। संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त कर स्थायी शांति स्थापित करना जरूरी है, यह पूरी मानवता का आह्वान है।”

मोदी ने आगे कहा कि भारत और रूस के संबंध हमेशा मजबूत रहे हैं। “हमारा घनिष्ठ सहयोग न केवल दोनों देशों की जनता के लिए, बल्कि वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए भी महत्वपूर्ण है। दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय बैठकें होती रही हैं। 140 करोड़ भारतीय इस वर्ष दिसंबर में होने वाले 23वें शिखर सम्मेलन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”


रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बैठक के दौरान कहा, “आपसे मिलकर खुशी हुई। एससीओ एक ऐसा मंच है जो वैश्विक दक्षिण और पूर्व के देशों को एकजुट करता है। भारत-रूस संबंध ‘विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ पर आधारित हैं। आज की बैठक से हमारे संबंधों को और बढ़ावा मिलेगा।”

पीएम मोदी चीन दौरा पूरा कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इससे भारत-चीन रिश्तों में नई गर्माहट आई है। दोनों देशों ने सीमा विवाद सुलझाने पर सहमति जताई। इसके अलावा एससीओ शिखर सम्मेलन की घोषणा में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा शामिल की गई, जो भारत की कूटनीतिक जीत मानी जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button