विदेश

SCO समिट से पहले मोदी-शी की मुलाकात, जानिए किन मुद्दों पर चली लंबी बात!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रविवार को तियानजिन में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब अमेरिका की व्यापार और शुल्क नीतियों के चलते भारत-अमेरिका संबंधों में हाल ही में तनाव बढ़ा है।

यह मुलाकात शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से पहले हुई है, जो रविवार से शुरू होकर दो दिनों तक चलेगा। सूत्रों के अनुसार, चर्चा के मुद्दों की व्यापकता को देखते हुए दोनों नेताओं के बीच दिन में एक और बैठक हो सकती है। इससे पहले, दोनों की पिछली मुलाकात अक्तूबर 2024 में रूस के कजान में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान हुई थी।

तियानजिन रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा था कि वैश्विक आर्थिक स्थिरता के लिए भारत और चीन का मिलकर काम करना बेहद जरूरी है। जापान के योमिउरी शिंबुन को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि स्थिर और सौहार्दपूर्ण भारत-चीन संबंध न केवल क्षेत्रीय बल्कि वैश्विक शांति और समृद्धि पर भी सकारात्मक असर डालेंगे। पीएम मोदी की यह चीन यात्रा, चीनी विदेश मंत्री वांग यी के भारत दौरे के पखवाड़े भर के भीतर हो रही है।

हाल ही में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ वांग यी की हुई वार्ता के बाद दोनों देशों ने आपसी संबंध मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाने का फैसला किया था। इसमें सीमा पर शांति बनाए रखना, सीमा व्यापार को फिर से खोलना और सीधी उड़ान सेवाएं बहाल करना शामिल है। यह प्रयास उन तनावपूर्ण हालात को सुधारने के लिए किए जा रहे हैं, जो जून 2020 में गलवां घाटी की झड़पों के बाद पैदा हुए थे।

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को भारत लौटने से पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात कर सकते हैं। रविवार शाम एससीओ शिखर सम्मेलन की शुरुआत चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा दिए गए आधिकारिक भोज से होगी। सम्मेलन में रूस, भारत, ईरान, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस समेत 10 सदस्य देशों के नेता शामिल हो रहे हैं।

नेताओं का औपचारिक शिखर सम्मेलन सोमवार को होगा। इसमें व्लादिमीर पुतिन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू भी हिस्सा लेंगे।

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button