रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए भारत पर टैरिफ का दांव: व्हाइट हाउस

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर बड़े पैमाने पर टैरिफ लगाए हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लीविट ने बुधवार को कहा कि यह फैसला रूस पर अप्रत्यक्ष दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है, ताकि यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा सके। कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने भारत के टैरिफ को दोगुना कर 50 फीसदी कर दिया था। पहले 25 प्रतिशत का टैरिफ लगाया गया था, जिस पर अब अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क जोड़ दिया गया है।
लीविट ने कहा, “राष्ट्रपति लगातार इस युद्ध को खत्म करने के लिए दबाव बना रहे हैं। भारत पर लगाए गए टैरिफ और अन्य कदम उसी रणनीति का हिस्सा हैं। राष्ट्रपति चाहते हैं कि यह युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो।” प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव को भी खत्म कराया। उन्होंने कहा, “रूस और दुनिया के दूसरे देश अब अमेरिका का सम्मान करते हैं। राष्ट्रपति ने अमेरिकी ताकत का इस्तेमाल करके यह दिखाया है कि वह अपने सहयोगियों और विरोधियों से भी सम्मान की मांग कर सकते हैं।”
लीविट के अनुसार, ट्रंप की रणनीति से न सिर्फ रूस-यूक्रेन संकट में प्रगति हुई है, बल्कि दुनिया के सात अन्य संघर्ष भी खत्म हुए हैं। उन्होंने गाज़ा से बंधकों की रिहाई और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव खत्म होने का भी ज़िक्र किया। लीविट ने कहा, “भारत और पाकिस्तान के बीच जो संघर्ष था, वह परमाणु युद्ध का रूप भी ले सकता था। लेकिन राष्ट्रपति ने अपने पद की ताकत और व्यापारिक दबाव का इस्तेमाल कर इस संकट को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई।”
गौरतलब है कि 10 मई को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उनकी मध्यस्थता के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच “तुरंत और पूर्ण युद्धविराम” पर सहमति बनी। इसके बाद से वह 40 से ज्यादा बार यह कह चुके हैं कि उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव को खत्म कराया।





