उत्तरकाशी के धराली की तबाही पर टूटा बॉलीवुड का दर्द

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार को भारी बारिश के बाद बादल फटने से भयावह तबाही मच गई। खीरगंगा से आए मलबे और पानी के तेज बहाव ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। इस आपदा में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि लगभग 70 लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्र में बचाव और राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।
प्रशासन के मुताबिक, अब तक करीब 130 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। वहीं 30 से ज्यादा घर, होटल और दुकानें मलबे में दब गई हैं या बह गई हैं। कई मकान पूरी तरह से जमींदोज हो गए हैं और क्षेत्र की सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। धराली गांव के चारों ओर मलबा और तबाही का मंजर छाया हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा पर देशभर में शोक और संवेदना व्यक्त की जा रही है। बॉलीवुड के कई सितारों ने भी उत्तरकाशी त्रासदी को लेकर दुख जताया है और लोगों से एकजुटता दिखाने की अपील की है।
सारा अली खान ने सोशल मीडिया पर की प्रार्थना
अभिनेत्री सारा अली खान ने मंगलवार रात को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस भीषण आपदा पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, “उत्तराखंड की घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं सभी की सुरक्षा और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करती हूं।”

इसके साथ ही सारा ने आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और हेल्पलाइन नंबर भी शेयर किए ताकि ज़रूरतमंद लोग मदद ले सकें।

सोनू सूद बोले- ‘देश को एकजुट होने की ज़रूरत’
अभिनेता सोनू सूद ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “उत्तरकाशी में आई विनाशकारी बाढ़ और बादल फटने से मन बहुत व्यथित है। यह पूरे देश के एकजुट होकर मदद करने का वक्त है। सरकार अपना कार्य कर रही है, लेकिन हमें भी हर उस व्यक्ति के लिए खड़ा होना चाहिए, जिसने अपना घर, आजीविका और जीवन खोया है।”
Heartbroken by the devastating floods & cloudburst in Uttarkashi, Uttarakhand.⁰Prayers for every life affected. 🙏⁰It’s time the nation comes together — while the govt does its part, we as individuals must stand up for every soul who lost a home, a living, a life. 💔🇮🇳
— sonu sood (@SonuSood) August 5, 2025
भूमि पेडनेकर और अदिवि शेष ने भी जताया दुख
एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जो हो रहा है, वह दिल दहला देने वाला है।” वहीं साउथ एक्टर अदिवि शेष ने लिखा, “उत्तराखंड में आई आपदा के दृश्य देखकर दिल टूट गया है। सभी प्रभावितों के लिए मेरी प्रार्थनाएं।”
Praying for #Uttrakhand 🙏🏼😕 Heartbreaking visuals.
— Adivi Sesh (@AdiviSesh) August 5, 2025
जिला प्रशासन और आपदा राहत दल (SDRF, NDRF) मौके पर डटे हुए हैं। कई जगहों पर मलबा हटाने और लापता लोगों को खोजने का काम जारी है। हेलिकॉप्टर और स्थानीय प्रशासन की मदद से राहत सामग्री प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है।
उत्तराखंड सरकार ने हालात पर कड़ी नजर बनाए रखी है और प्रभावितों के पुनर्वास के लिए ज़रूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सभी ज़रूरी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।





