‘किसानों से जुड़ने का अवसर हो इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है’: पीएम मोदी

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कहा, “आज हम काशी से देश भर के लाखों किसानों से जुड़े हुए हैं, सावन का महीना हो, काशी जैसा पवित्र स्थान हो और देश के किसानों से जुड़ने का अवसर हो इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है.”
पहलगाम हमले पर बोले मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज मैं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार काशी आया हूं, जब 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, 26 निर्दोष लोगों की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी गई… मेरा हृदय बहुत तकलीफ से भर गया था. तब मैं बाबा विश्वनाथ से यही मना रहा था कि सभी पीड़ित परिवारों को ये दुख सहने की हिम्मत दें… मैंने अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का जो वचन दिया था वह भी पूरा हुआ है. ये महादेव के आशीर्वाद से ही संभव हुआ है…”
उन्होंने आगे कहा, ऑपरेशन सिंदूर जवानों के पराक्रम का वह पल और आज किसानों को प्रणाम करने का अवसर. आज यहां एक विराट किसान उत्सव का आयोजन हो रहा है. देश के 10 करोड़ किसान भाई-बहनों के खातों में 21 हजार करोड़ रुपये PM किसान सम्मान निधि के रूप में भेजे गए हैं और जब काशी से धन जाता है तो वह अपने आप प्रसाद बन जाता है…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कुछ दिनों पहले मैं तमिलनाडु में था, मैं वहां 1000 साल पुराने एक ऐतिहासिक मंदिर गया था जिसे महान राजा राजेंद्र चोल ने बनवाया था. राजेंद्र चोल ने उत्तर भारत से गंगाजल लाकर उत्तर को दक्षिण से जोड़ा था… आज काशी तमिल संगमम जैसे प्रयासों के माध्यम से इसे आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास हो रहा है… देश की एकता की हर बात एक नई चेतना जगाती है और तभी ऑपरेशन सिंदूर सफल होता है. 140 करोड़ देशवासियों की एकता ही ऑपरेशन सिंदूर की ताकत बनती है.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारी सरकार निरंतर किसानों की खुशहाली के लिए काम कर रही है. पहले की सरकारों में किसानों के नाम पर हुई एक घोषणा भी पूरी होना मुश्किल होता था लेकिन भाजपा सरकार जो कहती है वह करके दिखाती है. आज PM किसान सम्मान निधि सरकार के पक्के इरादों का उदाहरण बन चुकी है.”





