भारत

राजस्थान के झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से 6 बच्चों की मौत, कई घायल

राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहर थाना इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पिपलोदी सरकारी स्कूल की छत गिरने से कम से कम छह बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ, जब स्कूल में पढ़ाई शुरू होने ही वाली थी। उस समय स्कूल परिसर में करीब 60 बच्चे और स्टाफ मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से इमारत की छत अचानक ढह गई। हादसे के तुरंत बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई और धूल और मलबे से पूरा इलाका ढंक गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए बचाव कार्य शुरू किया। कई छात्रों और स्टाफ को मलबे से बाहर निकाला गया। राहत और बचाव कार्य में चार जेसीबी मशीनों की भी मदद ली गई। जिला प्रशासन के अधिकारी, कलेक्टर और आपदा राहत दल भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में जुट गए। सूत्रों के अनुसार, स्कूल की यह इमारत काफी जर्जर हालत में थी और इसके बारे में पहले भी कई शिकायतें की गई थीं। यह स्कूल कक्षा 8 तक की पढ़ाई के लिए है।

राज्य के शिक्षा सचिव कृष्ण कुनाल ने बताया कि बचाव कार्य पूरा हो गया है और हादसे में छह बच्चों की मौत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे को “बेहद दुखद और पीड़ादायक” बताया। उन्होंने कहा, “मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन पीड़ितों को हर संभव मदद दे रहा है।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “राजस्थान के झालावाड़ में एक विद्यालय की छत गिरने से कई विद्यार्थियों की मृत्यु और घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर शोक संतप्त परिवारजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं इस दुर्घटना में घायल हुए विद्यार्थियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”


राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को घायल बच्चों के इलाज की पूरी व्यवस्था करने और किसी भी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस हादसे की जांच के आदेश दिए जाएंगे और यह पता लगाया जाएगा कि इमारत क्यों गिरी। घायलों को इलाज के लिए मनोहर थाना अस्पताल ले जाया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चों को झालावाड़ के बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना एक बार फिर सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों की स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button