भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर लगी मुहर

यूके: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल ब्रिटेन के दौरे पर हैं. गुरुवार को उन्होंने ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर से मुलाकात की. भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर गुरुवार को मुहर लग गई. दोनों नेताओं ने लंदन में मुलाकात के दौरान भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “आज हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक दिवस है. मुझे खुशी है कि कई वर्षों की मेहनत के बाद, आज दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता संपन्न हुआ है.”
#WATCH लंदन, यूके: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक दिवस है। मुझे खुशी है कि कई वर्षों की मेहनत के बाद, आज दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता संपन्न हुआ है।”
(वीडियो सोर्स: ANI/डीडी न्यूज़)#PMModiInUK pic.twitter.com/4ueOj028eY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 24, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, “ये समझौता मात्र आर्थिक साझेदारी नहीं है बल्कि साझा समृद्धि की योजना है…ये समझौता भारत के युवाओं, किसानों, मछुआरों और MSME क्षेत्र के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “जब भारत और UK मिले और वो भी टेस्ट सीरीज के दौरान तब क्रिकेट का उल्लेख करना ही पड़ता है. दोनों देशों के लिए क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं बल्कि जुनून भी है और हमारी साझेदारी के लिए एक महान रूपक भी है. कभी-कभी स्विंग और मिस हो सकता है लेकिन हम हमेशा सीधे बल्ले से खेलेंगे. हम हाई स्कोरिंग दीर्घकालिक साझेदारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. आज संपन्न हुए समझौते और विजन 2035 इसे आगे बढ़ाने वाले माइलस्टोन हैं…”
इससे पहले भारत-ब्रिटेन द्वारा मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के अवसर पर, ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा, “यह एक ऐसा समझौता है जिससे दोनों देशों को भारी लाभ होगा, वेतन में वृद्धि होगी, जीवन स्तर में सुधार होगा और कामकाजी लोगों की जेब में अधिक पैसा आएगा. यह नौकरियों के लिए अच्छा है, यह व्यापार के लिए अच्छा है, टैरिफ कम करने और व्यापार को सस्ता, तेज़ और आसान बनाने के लिए अच्छा है.”
इस ट्रेड डील के तहत, ब्रिटेन 99 फीसदी भारतीय उत्पाद-सेवाओं पर टैरिफ घटाएगा. जबकि ब्रिटेन के 90 फीसदी प्रोडक्ट्स को इस ट्रेड डील के जरिये न्यूनतम स्तर पर लाया जाएगा. इस मुक्त व्यापार समझौते के तहत, भारत ब्रिटेन की स्कॉच व्हिस्की, कारों और चॉकलेट-बिस्किट जैसे खाद्य उत्पादों पर टैरिफ घटाएगा. व्हिस्की पर टैरिफ 150 फीसदी से घटाकर 90 प्रतिशत पर लाया जाएगा. अगले 10 सालों में इसे 40 फीसदी पर लाया जाएगा. वहीं ब्रिटेन भारत के फुटवियर, टेक्सटाइल, रत्न एवं आभूषण, मशीनरी-इंजीनियरिंग औऱ ऑटो पार्ट्स पर आयात शुल्क शून्य या न्यूनतम स्तर पर लाएगा. इससे भारत में आगरा-कानपुर के चमड़ा उद्योग, सूरत-लुधियाना-वाराणसी के टेक्सटाइल उद्योग और सूरत-मुंबई के रत्न-आभूषण उद्योग को सस्ता बाजार मिलेगा.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





