खेलताज़ा खबरें

मैनचेस्टर टेस्ट से पहले गिल और स्टोक्स के बीच जुबानी जंग शुरू, इंडिया को वॉर्निंग

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैच की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी अब तक बेहद रोमांचक रही है. दो मुकाबलों में जीत हासिल कर सकने वाली टीम इंडिया इस वक्त सीरीज में 1-2 से पीछे है. चौथा टेस्ट आज बुधवार से ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा.

 

हालांकि यह मैच बल्ले और गेंद का है लेकिन इस मैच से पहले दोनों ही टीमों के कप्तानों के बयान से लगता है कि यह मैच अब बल्ले और गेंद से कहीं ऊपर जा चुका है. मैनचेस्टर में आज से खेले जाने वाले चौथे टेस्ट से पहले शुभमन गिल के बयान ने मुकाबले को गरम कर दिया है.

 

शुभमन गिल ने लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन के बाद इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों द्वारा अपनाई गई देरी करने की रणनीति को जमकर कोसा. गिल ने कहा कि क्रीज पर 90 सेकंड देरी से आना खेल भावना के अनुरूप नहीं था. गिल ने आक्रामक अंदाज में कहा:

हां, बहुत से लोग इसके बारे में बात कर रहे हैं इसलिए मैं एक बार और सभी के लिए स्पष्ट कर दूं कि उस दिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों के पास सात मिनट का खेल बचा था, वे क्रीज पर 90 सेकेंड देरी से आए, 10 नहीं, 20 नहीं, बल्कि 90 सेकेंड देरी से. हां, अधिकतर टीमें यही (देरी करने की रणनीति) करती हैं. अगर हम इस स्थिति में होते तो हम भी कम ओवर खेलना पसंद करते, लेकिन ऐसा करने का एक तरीका होता है और हमें लगाता है कि अगर आपके शरीर पर गेंद लगती है तो फिजियो को मैदान पर आने की इजाजत है और यह उचित भी है. लेकिन मुझे नहीं लगता कि क्रीज पर 90 सेकेंड देरी से आना खेल भावना के अनुसार है.

 

वहीं दूसरी ओर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की आक्रामकता का जवाब देने से उनकी टीम के खिलाड़ी पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने संकेत दिया कि इस मैच में भी जुबानी जंग देखने को मिल सकती है, हालांकि उन्होंने कहा कि वह इसकी शुरुआत नहीं करना चाहेंगे. शुभमन गिल एंड टीम के लिए चौथा टेस्ट ‘करो या मरो’ वाला है. इससे पहले तीसरे टेस्ट में गिल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, मोहम्मद सिराज आदि खिलाड़ियों की बहस देखने को मिली थी.

 

स्टोक्स ने कहा, “मेरे अनुसार ये (बहसबाजी) उन चीजों में शामिल नहीं है, जिसकी शुरुआत ग्राउंड पर हम करेंगे. मुझे नहीं लगता कि इंग्लैंड और भारत के खिलाड़ी ऐसा करने की सोच रहे हैं. बल्कि टेस्ट क्रिकेट में ऐसा समय आता है, जब मैच रोमांचक मोड़ पर होता है और माहौल गर्म हो जाता है. इस बड़ी सीरीज में दोनों टीमों के ऊपर अच्छा करने का बहुत दबाव है.

 

उन्होंने आगे कहा, “जैसा मैंने कहा कि ये वो चीज नहीं है जिसकी शुरुआत हम करने की कोशिश करेंगे. इससे हमारा ध्यान उन चीजों से हट जाएगा, जिसकी वास्तव में मैदान पर करने की जरुरत होती है. लेकिन हम इससे पीछे भी नहीं हटेंगे. किसी भी विपक्षी टीम को हमारे प्रति आक्रामक होने की कोशिश नहीं करने देंगे. मुझे लगता है कि ज्यादातर टीमें ऐसा ही करती हैं, इसलिए हम ऐसा करने वाली एकमात्र टीम नहीं है. लेकिन ये सीरीज शानदार रही है. अभी तक के तीनों मैच 5 दिन तक चले हैं, क्रिकेट का स्तर ऊंचा रहा है.”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button