भारत

शुभांशु शुक्ला की वापसी पर केंद्रीय कैबिनेट ने दी बधाई, कहा – भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में नया अध्याय शुरू

अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की सफल अंतरिक्ष यात्रा पर केंद्र सरकार ने उन्हें सम्मानित करते हुए एक विशेष प्रस्ताव पारित किया। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि शुक्ला की यह उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक है और इससे देश को अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम मिला है।

वैष्णव ने कहा, “शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर 18 दिन का ऐतिहासिक मिशन पूरा किया है। यह पूरे देश के लिए गर्व और उत्साह का क्षण है। कैबिनेट की ओर से हम उन्हें सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौटने पर बधाई देते हैं। यह मिशन हमारे अंतरिक्ष कार्यक्रम के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाता है।” उन्होंने इस ऐतिहासिक मिशन के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को भी बधाई दी और कहा कि उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के बिना यह संभव नहीं होता।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि शुभांशु शुक्ला का मिशन सिर्फ एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। “इससे बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलेगा। नवाचार और विज्ञान में रुचि रखने वाले युवा इससे प्रेरित होकर नए करियर चुनेंगे,” उन्होंने कहा। मंत्री वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस लक्ष्य की भी चर्चा की जिसमें 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे मिशनों से देश को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है।

बता दें कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिन बिताने के बाद हाल ही में पृथ्वी पर सुरक्षित लौटे हैं। हालांकि उनकी भारत वापसी फिलहाल कुछ हफ्ते और बाकी है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के मुताबिक, मिशन की औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद वे 17 अगस्त तक भारत लौट सकते हैं। इस मिशन को भारत के भावी गगनयान मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियान के लिए भी अहम कदम माना जा रहा है। शुभांशु की यह उपलब्धि न सिर्फ भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है, बल्कि विश्व मंच पर भारत की वैज्ञानिक क्षमता को भी मजबूती से स्थापित करती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button