चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी, साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बात की जानकारी पार्टी के प्रवक्ता राजेश भट्ट ने शुक्रवार को दी। राजेश भट्ट ने पटना के साइबर थाना में इस मामले को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, धमकी इंस्टाग्राम पर ‘Tiger Meraj Idisi’ नाम के यूजर द्वारा दी गई। भट्ट ने कहा कि यह धमकी चिराग पासवान की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से दी गई है और यह साफ तौर पर आपराधिक मानसिकता और गैरकानूनी गतिविधियों को दर्शाता है।

शिकायत में उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा, “इस गंभीर मामले को संज्ञान में लें और तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।”
इस मामले में पटना साइबर थाना के डीसीपी नितीश चंद्र धारिया ने बताया कि “11 जुलाई की रात करीब 9 बजे चिराग पासवान को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली। मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।”
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही चिराग पासवान ने सारण जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए आगामी बिहार चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था, “मैं आज इस पावन धरती से आप सभी के सामने घोषणा करता हूं कि हां, मैं चुनाव लड़ूंगा। यह चुनाव मैं बिहार की जनता, अपने भाइयों, माताओं और बहनों के लिए लड़ूंगा। हम बिहार में एक नई व्यवस्था बनाएंगे और राज्य को विकास के रास्ते पर आगे ले जाएंगे।”
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) फिलहाल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा है, जिसमें जेडीयू और बीजेपी भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि चिराग पासवान आगामी चुनाव में भी NDA के साथ रहेंगे, हालांकि उन्होंने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बिहार विधानसभा चुनाव अक्टूबर या नवंबर में होने की संभावना है, लेकिन चुनाव आयोग ने अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं किया है।





