Air India प्लेन क्रैश हादसा, RUN की जगह CUTOFF हो गए दोनों इंजन

अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया ड्रीमलाइनर हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाली बातें सामने आई है. इस रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद विमान के दोनों इंजन हवा में ही बंद हो गए थे. यह रिपोर्ट विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (Aircraft Accident Investigation Bureau) ने तैयार की है.
रिपोर्ट में बताया गया कि टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद प्लेन के दोनों इंजनों के फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ से ‘कट ऑफ’ मोड में कर दिए गए थे, जिससे इंजनों को ईंधन मिलना बंद हो गया और पावर पूरी तरह खत्म हो गई. इसी वजह से यह विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ाने भरने के बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिर गया. जिससे विमान में सवाल 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई, साथ ही जमीन पर 33 लोगों की जान चली गई थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, जब दोनों इंजन बंद हुए, तब कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर में एक पायलट को यह कहते सुना गया – ‘तुमने इंजन क्यों बंद किया?’ जिस पर दूसरा पायलट जवाब देता है – ‘मैंने नहीं किया.’
यानी इंजन बंद करने का निर्णय जानबूझकर नहीं लिया गया, बल्कि ये अचानक और अनजाने में हुआ. अब जांच का सबसे अहम हिस्सा यही होगा कि आखिर फ्यूल कटऑफ स्विच अपने आप ‘CUTOFF’ मोड में कैसे चले गए, जिससे इंजन को ईंधन मिलना बंद हो गया.
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी एविएशन सेफ्टी विशेषज्ञ जॉन कॉक्स बताते हैं, ये स्विच और उनसे जुड़े फ्यूल वॉल्व एक स्वतंत्र पावर सिस्टम और वायरिंग से जुड़े होते हैं. ये स्विच स्प्रिंग-लोडेड होते हैं और इन्हें गलती से हिलाना संभव नहीं है. इन्हें बदलने के लिए पायलट को पहले स्विच को ऊपर खींचना होता है, फिर ‘रन’ से ‘कटऑफ’ या ‘कटऑफ’ से ‘रन’ की ओर मोड़ना होता है.





