गुरुग्राम में राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की पिता ने गोली मारकर की हत्या, इंस्टाग्राम रील बना वजह

गुरुग्राम के सेक्टर 57 इलाके में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 25 वर्षीय राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके पिता ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, यह विवाद एक इंस्टाग्राम रील को लेकर हुआ था। घटना सुबह करीब 11:30 बजे राधिका के घर की पहली मंजिल पर हुई। बताया जा रहा है कि राधिका और उनके पिता दीपक यादव के बीच किसी सोशल मीडिया वीडियो को लेकर बहस हो गई थी। इस दौरान गुस्से में आकर पिता ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से राधिका पर लगातार तीन गोलियां चला दीं।
परिजनों ने राधिका को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर तनाव की बात सामने आई है। उन्होंने कहा, “पिता ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।”
सेक्टर 56 थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला को गोली लगने के बाद भर्ती कराया गया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक राधिका की मौत हो चुकी थी। परिवार के बयान से साफ हो गया कि गोली उनके पिता ने चलाई थी। पुलिस ने आरोपी दीपक यादव (49) को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से .32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर ली गई है।
राधिका यादव राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी थीं। इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) रैंकिंग में वह डबल्स कैटेगरी में 113वें स्थान पर थीं। राधिका का जन्म 23 मार्च 2000 को हुआ था और वह ITF की डबल्स रैंकिंग में टॉप 200 में बनी हुई थीं।





