देशभर में सक्रिय हुआ मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड-मेघालय में ऑरेंज अलर्ट जारी

देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। जहां एक तरफ लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल रही है, वहीं पहाड़ी इलाकों में बादल फटने जैसी घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
राजधानी दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिनभर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 से 27 डिग्री के आसपास रहेगा। 7 जुलाई को हुई बारिश से दिल्ली के कुछ इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी थी। 9 और 10 जुलाई को भी हल्की बारिश के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। पश्चिमी यूपी के जिलों जैसे ललितपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बिजनौर, रामपुर, पीलीभीत और मुरादाबाद में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी यूपी के जिलों—आगरा, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, जालौन, झांसी और महोबा में वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में 8 से 13 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। छत्तीसगढ़ में भी 8 से 10 जुलाई के बीच जोरदार बारिश हो सकती है। उधर, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भी आज बारिश होने के आसार हैं। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8, 9, 12 और 13 जुलाई को तेज बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी है। कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में 10 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
8 से 13 जुलाई के बीच उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में गरज के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चल सकती हैं। उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और देहरादून जैसे इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून एक्टिव है। 8 से 13 जुलाई के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। खासकर मेघालय में आज बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
देश के कई राज्यों में भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी इलाकों और नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट रहने की जरूरत है। प्रशासन ने जरूरी इंतजामों की बात कही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। मानसून ने भले ही राहत दी हो, लेकिन इससे जुड़ी चुनौतियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।





