गोपाल खेमका हत्याकांड का दूसरा आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढे़र

बिहार कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी. पुलिस ने हत्याकांड के दूसरे आरोपी विकास उर्फ राजा का एनकाउंटर कर मार गिराया. इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले एक शूटर उमेश को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं सोमवार बीती रात मालसलामी थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में अब विकास मारा गया है.
वांछित अपराधी विकास उर्फ राजा रात करीब 2.45 बजे दमरिया घाट के पास पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. घटनास्थल से एक पिस्तौल, गोली और खोखा कारतूस बरामद किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है: बिहार पुलिस मुख्यालय

बता दें कि बिजनेसमैन गोपाल खेमका हत्याकांड के बाद से पुलिस एक्शन मोड में है. आरोपियों की धरपकड़ के बीच पुलिस ने शूटर उमेश कुमार को पटना के मालसलामी इलाके से पकड़ा था. पुलिस के मुताबिक आरोपी उमेश अपने परिवारिक कारणों की वजह से जरूरतमंद था. उसने लगभग एक लाख रुपए के लिए इस घटना को अंजाम दिया था. एसटीएफ और पटना पुलिस ने गिरफ्तार शूटर उमेश कुमार की निशानदेही पर कोतवाली थाने से सटे उदयगिरी अपार्टमेंट में छापेमारी की. फ्लैट नंबर 601 पर छापेमारी कार्रवाई की गई थी, जहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया.
शुक्रवार यानी 4 जुलाई देर रात पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में स्थित रामगुलाम चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने कारोबारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है. एसआईटी को इस मामले में जल्द से जल्द ठोस नतीजे तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है.





