बागेश्वर धाम में बड़ा हादसा, पंडाल गिरने से 1 मौत, 10 से अधिक लोग घायल

मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह हुए बड़े हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई वहीं करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए. दरअसल बागेश्वर धाम में हुई तेज बारिश के कारण पंडाल में पानी भर गया और पंडाल गिर गया जिसके चलते वहां मौजूद लोग इसमें फंस गए. पंडाल के गिरने से एक की मौत हो गई और करीब 12 लोग घायल हो गए.
छतरपुर के इस आश्रम में बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री के जन्मदिन में शामिल होने के लिए ये श्रद्धालु यहां आए थे. घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में आरती में शामिल हो रहे थे. उसी दौरान, तेज हवा या निर्माण में खामी के चलते एक भारी टेंट अचानक गिर पड़ा. कुछ लोग टेंट के नीचे दब गए और वहां अफरा-तफरी मच गई. वहीं इस दौरान एक की मौत हो गई मृतक का नाम श्याम लाल कौशल है और उनकी उम्र 50 वर्ष थी. वह अयोध्या के रहने वाले थे लेकिन उनका मूल गांव उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में है. इनके साथ आसपास रहने वाले परिवार के और भी सदस्य यहां पहुंचे थे.
यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब बागेश्वर धाम में कथावाचक और पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन मनाया जाने वाला है. पंडित धीरेंद्र शास्त्री 4 जुलाई को अपना जन्मदिन बागेश्वर धाम में ही मनाएंगे, जिसके लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बागेश्वर धाम पहुंचे हुए हैं. आयोजन के लिए पूरे धाम को भव्य तरीके से सजाया गया है. 1 से 3 जुलाई तक यहां बालाजी का दिव्य दरबार भी लगाया जा रहा है.





